राजस्थान: एक्शन मोड पर डबल इंजन की सरकार, पूर्व मंत्री और नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
कोटा: राजस्थान के पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया और अंता नगर पालिका अध्यक्ष मुस्तफा खान पर अवैध रूप से निविदाएं मंजूर करने के आरोप में सोमवार को मामला दर्ज किया गया।
प्रमोद जैन भाया और मुस्तफा खान पर आरोप है कि उन्होंने पिछले साल सितंबर में राज्य विधानसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद निविदाएं जारी करने में नियमों का उल्लंघन किया। इन दोनों पर बारां जिले में धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य आरोपों के लिए मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) ओमेंद्र सिंह ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अंता शहर इकाई के अध्यक्ष रामेश्वर खंडेलवाल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भाया के खिलाफ मामला दर्ज किया है। भाया पिछली अशोक गहलोत नीत कांग्रेस सरकार में खनन मंत्री थे। उन्होंने कहा कि मुस्तफा खान के खिलाफ भी अंता थाने में मामला दर्ज किया गया है।


