PM Modi Visit Gujarat : 2 दिवसीय गुजरात दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी, 280 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का करेंगे शिलान्यास, देखें कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल

अहमदाबाद : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 30 अक्टूबर को गुजरात में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के दौरे के दौरान 284 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं तथा पर्यटक आकर्षणों का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। गुजरात राज्य सरकार द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक मोदी ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ समारोह में भाग लेने के लिए 30 और 31 अक्टूबर को नर्मदा जिले के एकता नगर का दौरा करेंगे। राज्य सरकार के मुताबिक मोदी 30 अक्टूबर को एकता नगर के अपने दौरे के दौरान एक उप-जिला अस्पताल, स्मार्ट बस स्टॉप, चार मेगावाट की एक सौर परियोजना और दो आईसीयू-ऑन-व्हील्स सहित कई नयी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 23.26 करोड़ रुपये की लागत से विकसित चार मेगावाट की सौर परियोजना का उद्घाटन करेंगे। मोदी एकता नगर में 75 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मलजल शोधन संयंत्र की आधारशिला रखेंगे, जिससे लगभग 4,000 घरों, सरकारी आवास और अन्य आतिथ्य प्रतिष्ठानों के मलजल का निस्तारण किया जा सकेगा। प्रधानमंत्री इसके अलावा, अग्निशमन कर्मचारी आवासीय क्वार्टर और सरदार सरोवर बांध अनुभव केंद्र की आधारशिला भी रखेंगे।


