छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ पहली शीतलहर शुरू: बढ़ने लगी ठंड, आ गई स्वेटर-कंबल निकालने की बारी

रायपुर: छत्तीसगढ़ में पारा गिरने के साथ ही ठंडी बढ़ने लगी है। इसी के साथ विंटर सीजन-2024 की पहली शीतलहर उत्तरी छत्तीसगढ़ में शुरू हो गई है। सरगुजा संभाग के कुछ स्थानों पर मंगलवार को शीतलहर चली। यहां रात का तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री नीचे पहुंच गया है।
अंबिकापुर में पारा 8.8 डिग्री पहुंच गया है। वहीं, रायपुर समेत प्रदेश के बाकी जिलों में भी अच्छी ठंड पड़ रही है। आने वाले दो-तीन दिनों में तापमान में एक से दो डिग्री तक की क्रमिक गिरावट आएगी। इससे ठंड में और बढ़ोतरी होगी। अंबिकापुर और उसके आसपास के इलाकों में मंगलवार को कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सरगुजा संभाग में उत्तर, उत्तर-पूर्वी हवाओं के कारण अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में गिरावट हुई है। ​​इसके अलावा ​मैनपाट, सामरी के कई इलाकों में भी तीन-चार दिनों से ठिठुरा देने वाली ठंड पड़ रही है।
यहां न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री तक पहुंच गया है। पेंड्रारोड में भी पारा 11.8 डिग्री पहुंच गया है। यह सामान्य से 2.4 डिग्री कम है। मैदानी इलाकों में दुर्ग में खासी ठंड महसूस की जा रही है। यहां न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 2.8 डिग्री कम है। राजधानी रायपुर में अभी हल्की ठंड है। यहां न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 0.4 डिग्री कम है।
सर्दी के मौसम में न्यूनतम तापमान सामान्य तौर पर नार्मल से नीचे पहुंच जाता है। इस स्थिति में रात काफी ठंडी हो जाती है। सुबह दिन निकलने के बाद तापमान में वृद्धि होती है। हवा में ठंडकता बनी रहने और शुष्क हवा के लगातार आने से दिन का तापमान भी तेजी से बढ़ नहीं पाता।
यह सामान्य के आसपास या उससे नीचे रहने लगता है। इस समय प्रदेश में यही स्थिति है। ज्यादातर जगहों पर दिन का तापमान भी सामान्य से कम है। बिलासपुर में दिन का तापमान 28.4 डिग्री रिकार्ड किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button