रायपुर में होगा देश का सबसे बड़ा औद्योगिक जमावड़ा! CM साय से हुई अहम मुलाकात, निवेश और रोजगार पर बड़ा अपडेट
छत्तीसगढ़ में उद्योग जगत के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राजधानी रायपुर में सितंबर में होने वाले 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस आयोजन से एमएसएमई, निवेश और रोजगार को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

रायपुर। राजधानी रायपुर में आगामी 18, 19 और 20 सितंबर को आयोजित होने वाले 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (IIF) की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य मुलाकात कर आयोजन की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक आयोजन प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि इससे निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को गति मिलेगी तथा स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि रायपुर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने वाला यह औद्योगिक समागम छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास के नए द्वार खोलेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लघु उद्योग भारती देश में लघु उद्यमियों का सबसे बड़ा संगठन है, जो एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत बनाने और उद्योगों के बीच बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) सहयोग को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर देशभर के उद्यमियों, निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों और तकनीकी संस्थानों को एक साझा मंच प्रदान करेगा। इस आयोजन में आधुनिक तकनीक, निवेश, विपणन, व्यापार विस्तार और औद्योगिक सहयोग से जुड़े नए अवसरों पर विशेष फोकस रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन से छत्तीसगढ़ के स्थानीय उद्यमियों को नई तकनीक अपनाने, बड़े उद्योगों से जुड़ने और अपने कारोबार का विस्तार करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। साथ ही प्रदेश की औद्योगिक पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।
बैठक में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र गुप्त, संयुक्त महासचिव नरेश पारख, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समीर, प्रांत अध्यक्ष सी. पी. दुबे, पुरुषोत्तम पटेल, अनिल बाकलीवाल, तूलिका पांडे और प्रांजल सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
