मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के सबसे लंबे फ्लायओवर का किया लोकार्पण, डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर नामकरण
कांग्रेस के शासन में भोपाल का विकास नहीं हुआ- मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के शासन में भोपाल का कभी विकास नहीं हो पाया। कांग्रेस ने भोपाल के विकास को रोके रखा लेकिन पटवा सरकार में विकास की नई इबारत लिखी गई। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द बैरागढ़ ब्रिज का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री ने बावड़ियाकलां में 180 करोड़ की लागत से नया ब्रिज बनाए जाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द राजधानी वृहद परियोजना का नक्शा आने वाला है। जिसमें भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा को मिलाकर एक बड़ी परियोजना बनाई जाएगी।
कांग्रेस ने नेताजी बोस को घर बैठाया-वहीं सुभाष जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उन्हें नमन करते हुए कहा कि नेताजी ने अग्रेजों के शासनकाल में सबसे कठिन ICS की परीक्षा पास की लेकिन उन्होंने अंग्रेजों की गुलामी नहीं की बल्कि देश की आजादी की लड़ाई में शामिल हो गए। लेकिन कांग्रेस ने नेताजी जैसे अच्छे नेताओं को भी परेशान किया। कांग्रेस हमेशा अच्छे नेताओं को घर बैठाने का काम करती आई। वे चुनाव जीतकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने लेकिन आखिरकार उन्हें इस्तीफा देने को मजबूर किया गया। मुख्यमंत्री ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जबलपुर से जुड़े घटनाक्रम का भी जिक्र किया।
विकास पथ पर गतिमान
"अपना हृदय प्रदेश"आज भोपाल में ₹154 करोड़ की लागत से नवनिर्मित जीजी फ्लाईओवर का उद्घाटन कर भोपालवासियों को समर्पित किया।
राजधानी के सबसे बड़े इस फ्लाईओवर से न केवल नागरिकों के लिए आवागमन सुगम होगा, अपितु समय की भी बहुत बचत होगी। प्रदेशभर में हो रहे… pic.twitter.com/IUNGsnx7gP
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) January 23, 2025
कांग्रेस ने बार-बार डॉ अंबेडकर के साथ किया अन्याय-मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि नेताजी की ही तरह कांग्रेस ने डॉ अंबेडकर के साथ भी बार-बार अन्याय किया। आज कांग्रेस के नेता बगुलाभगत की तरह महू से यात्रा निकालने का सपना देख रहे हैं। लेकिन पहले कांग्रेस को अपने पुराने पापों का हिसाब करना चाहिए। उन्हें अपने गिरेबां में झांककर देखना चाहिए। डॉ अंबेडकर ने धारा 370 समेत जिन मुद्दों का विरोध किया, लेकिन पहले प्रधानमंत्री पं. नेहरु ने उन्हीं फैसलों को लागू किया। कांग्रेस ने बाबा साहब को मनपसंद के विभाग नहीं दिये। उन्हें जीते-जी कोई सम्मान नहीं दिया गया। डॉ अंबेडकर को चुनाव हराने की कांग्रेस ने बार-बार कोशिश की। जिसने डॉ अंबेडकर को चुनाव हराया कांग्रेस ने उन्हें पद्मविभूषण देकर सम्मानित किया। जबकि भाजपा ने बाबा साहब से जुड़े स्थानों को तीर्थ स्थान बनाने का काम किया। उनके जन्मस्थान, दीक्षास्थल, उनकी शिक्षा स्थली, संघर्ष के स्थान, और निर्वाण स्थल को हमने पंचतीर्थ बनाया।
महिला सशक्तिकरण की पॉलिसी कल होगी पारित-मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने लोकमाता मां अहिल्या को नमन करते हुए उनके शासनकाल की उपलब्धियां और विशेषता बताते हुए कहा कि उनकी 300वीं जयंती के अवसर पर हम महेश्वर में कैबिनेट की बैठक करने जा रहे हैं। जहां कई बड़े फैसले लिये जाएंगे। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार ने नई पॉलिसी बना ली है। जिसे कल कैबिनेट बैठक में मंजूरी दी जाएगी।
इस कार्यक्रम में महापौर मालती राय ने जानकारी दी कि 11 फरवरी को लालघाटी पर नमो उपवन के निर्माण के लिए भूमिपूजन किया जाएगा। साथ ही भोपाल में प्रवेश द्वार भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भोपाल में दस हजार गायों के लिए गौशाला का निर्माण शुरु हो चुका है।

