Delhi Election: दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए जारी हैं मतदान, जानिए कब होगी वोटों की गिनती, कब आएंगे परिणाम

Delhi Election: दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए मतदान बुधवार, 5 फरवरी को हो रहे हैं। वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हुई है और शाम 6 बजे तक चलेगी। चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को वोटों की गिनती के बाद घोषित किए जाएंगे।
यह चुनाव 2025 का पहला बड़ा चुनाव माना जा रहा है, जिसमें दिल्ली को नई सरकार और मुख्यमंत्री मिलेगा। दिल्ली कोई राज्य नहीं बल्कि केंद्र शासित प्रदेश (Union Territory) है और इसे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCT) दिल्ली के नाम से जाना जाता है।
दिल्ली में निर्वाचित विधानसभा तो होती है, लेकिन इसके अलावा उपराज्यपाल (Lieutenant Governor) भी होता है, जिसे केंद्र सरकार नियुक्त करती है। इस बार दिल्ली में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।
आम आदमी पार्टी (AAP) अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है। AAP लगातार तीसरी बार सत्ता पर काबिज होने की कोशिश में है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) लंबे वक्त के बाद सत्ता में वापसी का प्रयास कर रही है। कांग्रेस अपनी खोई हुई साख वापस पाने के जतन में है।
पिछले दो चुनावों (2015 और 2020) में AAP ने बड़ी जीत दर्ज की थी। इससे पहले, कांग्रेस 15 साल (1998-2013) तक सत्ता में रही, जब शीला दीक्षित मुख्यमंत्री थीं। BJP को दिल्ली में सत्ता से बाहर हुए 27 साल हो चुके हैं।
दिल्ली चुनाव 2025 के महत्वपूर्ण तारीख
दिल्ली विधानसभा चुनाव कब?
दिल्ली में मतदान 5 फरवरी को हुआ।
दिल्ली चुनाव के एग्जिट पोल कब जारी होंगे?
5 फरवरी को शाम 6:30 बजे तक कोई भी एग्जिट पोल जारी नहीं किया जा सकता। उसके बाद एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने लगेंगे।चुनाव आयोग के आदेश के अनुसार, मतदान खत्म होने से पहले किसी भी मीडिया प्लेटफॉर्म पर एग्जिट पोल प्रकाशित करना प्रतिबंधित है।
नतीजे कब आएंगे?
8 फरवरी को वोटों की गिनती के बाद।
कितने मतदाता हैं?
दिल्ली में कुल 1.56 करोड़ वोटर हैं।
83.76 लाख पुरुष
72.36 लाख महिलाएं
1,267 थर्ड जेंडर मतदाता
कितने मतदान केंद्र?
कुल 13,766 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। 733 पोलिंग स्टेशन विशेष रूप से दिव्यांगों के लिए बनाए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था
- 220 पैरामिलिट्री कंपनियां तैनात रहेंगी।
- 19,000 होम गार्ड्स और 35,626 दिल्ली पुलिस कर्मी सुरक्षा संभालेंगे।
मतदान प्रक्रिया
- 21,584 बैलेट यूनिट्स तैयार की गई हैं।
- 20,692 कंट्रोल यूनिट्स और 18,943 वीवीपैट मशीनें लगाई गईं हैं।
- डमी और ब्रेल बैलेट पेपर भी उपलब्ध कराए गए हैं।
दिल्ली चुनाव 2020 में क्या हुआ था?
2020 के चुनाव में AAP ने 62 सीटें जीतकर शानदार जीत दर्ज की थी। BJP सिर्फ 8 सीटें जीत सकी थी, जबकि कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई थी।
2015 में AAP ने 67 सीटें जीती थीं, BJP को सिर्फ 3 सीटें मिली थीं और कांग्रेस को कोई सीट नहीं मिली थी।

