CM Omar Abdullah Statement: पाकिस्तानी PM को CM उमर अब्दुल्ला का करारा जवाब.. शाहबाज शरीफ कर रहे थे पैंतरेबाजी.. दिया है ये प्रस्ताव

CM Omar Abdullah Latest Statement: श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत के सख्त तेवरों ने पाकिस्तान में हलचल मचा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले के बाद साफ कर दिया था कि दोषियों को ऐसी सजा दी जाएगी जिसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता। भारत के इस कड़े रुख से पाकिस्तान सरकार में बेचैनी साफ नजर आ रही है।
जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान अब इस हमले से पल्ला झाड़ते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग कर रहा है। पाकिस्तानी न्यूज चैनल डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने काकुल स्थित पाक मिलिट्री अकादमी में पासिंग आउट परेड को संबोधित करते हुए कहा कि, “पहलगाम में हालिया घटना निरंतर दोषारोपण के खेल का एक उदाहरण है, जिसे बंद किया जाना चाहिए।” शहबाज ने कहा कि पाकिस्तान एक जिम्मेदार देश के रूप में किसी भी तटस्थ, पारदर्शी और विश्वसनीय जांच में भाग लेने के लिए तैयार है।
पाकिस्तान के इस बयान पर जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “सबसे पहले, पाकिस्तान ने यह भी स्वीकार नहीं किया कि पहलगाम में कुछ हुआ था। पहले तो उन्होंने कहा कि इसके पीछे भारत का ही हाथ है। अब जब आरोपों की विश्वसनीयता खत्म हो गई है, तो उनकी बातों को ज्यादा महत्व नहीं दिया जाना चाहिए। जो कुछ भी हुआ, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था और ऐसा नहीं होना चाहिए था।”
गौरतलब है कि पहलगाम में हुए इस हमले में 26 नागरिकों की मौत हुई थी, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। भारत ने हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाने के संकेत भी दिए हैं। हालाँकि पहले के फैसलों ने भी पाकिस्तान के लिए संकट खड़ा कर दिया है।



