भूमाफिया और अफसरों की मिलीभगत से किसान की जमीन पर कब्ज़ा, डीजीपी से लगाई न्याय की गुहार

रायपुर, 14 मई 2025:
रायपुर जिले के तिल्दा क्षेत्र में एक किसान परिवार की ज़मीन पर अवैध कब्जे और उसे बेचने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान केशव वैष्णव ने आरोप लगाया है कि ज़मीन दलाल और राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत से न केवल उसकी खेती योग्य ज़मीन पर कब्जा किया गया, बल्कि उसे प्लॉटिंग कर बेच भी दिया गया है। इससे तंग आकर पीड़ित ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को शिकायत भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार, तिल्दा निवासी केशव वैष्णव की ज़मीन खसरा नंबर 577/2 पर भूमाफिया राजकुमार भिखवानी ने अवैध कब्जा कर लिया और उसमें से लगभग 12,000 वर्गफुट भूमि को प्लॉटिंग कर बेच दिया। बताया गया कि भूमाफिया ने पहले बगल की ज़मीन खरीदी और फिर वैष्णव की ज़मीन को भी हथिया लिया।
लंबी कानूनी लड़ाई लेकिन अब तक नहीं मिला न्याय
पीड़ित किसान साल 2022 से इस ज़मीन को लेकर न्याय के लिए लड़ रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस ने केस तो दर्ज किया, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई। शिकायत में आरोप है कि राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी भूमाफिया के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
इन अधिकारियों के खिलाफ की गई शिकायत
डीजीपी को भेजी शिकायत में केशव वैष्णव ने तत्कालीन कलेक्टर नरेंद्र भूरे, मौजूदा कलेक्टर गौरव सिंह, एसडीएम प्रकाश टंडन, एसडीएम आशुतोष देवांगन, एडिशनल एसपी ग्रामीण कीर्तन राठौड़, तहसीलदार सरिता मढ़रिया और ज्योति मासियारे, पटवारी शंकर वर्मा व रंजन सिन्हा तथा तिल्दा थाने के पूर्व थाना प्रभारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।
पीड़ित का आरोप है कि अधिकारियों की मिलीभगत के चलते कोर्ट के आदेश और प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद कोई सख़्त कार्रवाई नहीं हो रही है।


