8th Pay Commission: तीन गुना तक बढ़ सकती है सैलरी, 50 लाख से ज्यादा कर्मचारियों की होगी बल्ले-बल्ले; जानिए कब होगा लागू?

अगर आप केंद्र सरकार के कर्मचारी हैं, तो यह खबर आपके लिए किसी बोनस से कम नहीं है. 50 लाख से ज्यादा सरकारी कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनर्स को लंबे समय से जिसका इंतजार था, वो अब हकीकत बनने के करीब है.
जी हां, हम बात कर रहे हैं 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) की, जो अगले कुछ वर्षों में लागू होने की पूरी संभावना है. इससे कर्मचारियों की सैलरी में तीन गुना तक का इजाफा हो सकता है.
वेतन आयोग एक ऐसा मैकेनिज्म है जिसके जरिए केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनधारकों के वेतन, भत्ते और रिटायरमेंट बेनिफिट्स की समीक्षा करती है. 2016 में 7वें वेतन आयोग को लागू किया गया था और अब उसकी जगह लेने आ रहा है 8वां वेतन आयोग, जो 2027 के आसपास लागू हो सकता है.
कब होगा लागू?
हालांकि अभी तक सरकार की ओर से न तो चेयरमैन की घोषणा हुई है और न ही टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) को अंतिम रूप दिया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार जल्द ही आयोग के गठन की औपचारिक घोषणा कर सकती है. माना जा रहा है कि इसकी सिफारिशें 2026 के अंत तक तैयार हो जाएंगी और 2027 से लागू होने की पूरी संभावना है.
कितनी बढ़ सकती है सैलरी?
इस बार फिटमेंट फैक्टर को 2.57 से बढ़ाकर 2.86 किए जाने की चर्चा है. इसका सीधा असर कर्मचारियों के मूल वेतन पर पड़ेगा. उदाहरण से समझते हैं.
* लेवल 1 के कर्मचारी का वेतन ₹18,000 से बढ़कर ₹51,480 हो सकता है.
* लेवल 2 में ये राशि ₹19,900 से बढ़कर ₹56,914 और
* लेवल 3 में ₹21,700 से ₹62,062 हो सकती है.
* लेवल 6 के कर्मचारी, जो ₹35,400 पाते हैं, उन्हें ₹1 लाख से ज्यादा सैलरी मिल सकती है.
* यहां तक कि IAS/IPS अफसरों जैसे लेवल 10 के अधिकारियों का वेतन ₹56,100 से बढ़कर ₹1.6 लाख तक पहुंच सकता है.
पेंशनभोगियों के लिए भी खुशखबरी
8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का फायदा सिर्फ नौकरीपेशा लोगों को ही नहीं, बल्कि करीब 65 लाख पेंशनर्स को भी मिलेगा. उनकी पेंशन में भी उसी अनुपात में इजाफा होगा, जिससे उनकी वित्तीय स्थिति में बड़ा सुधार होगा.


