GST के 10 साल पुराने मामलों को खत्म करने की पहल, 40,000 व्यापारियों को मिलेगी राहत: मंत्री ओपी चौधरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं कर मंत्री ओपी चौधरी ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि GST से संबंधित दस वर्ष से अधिक पुराने लंबित प्रकरणों को समाप्त करने का रास्ता अब साफ हो गया है। इस कदम से प्रदेश के करीब 40,000 व्यापारियों को 65,000 से अधिक मामलों में बड़ी राहत मिलने जा रही है। मंत्री चौधरी ने कहा कि, “अब व्यापारियों को इन पुराने मामलों के निपटारे के लिए बार-बार दस्तावेज़ जमा करने, वकीलों के चक्कर लगाने या विभागीय दफ्तरों में दौड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह पहल निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ में व्यापार सुगमता (Ease of Doing Business) को बढ़ावा देगी।”
उन्होंने बताया कि बजट में दिए गए प्रावधानों के अनुरूप यह निर्णय लिया गया है, जिससे व्यापारियों को न केवल मानसिक तनाव से मुक्ति मिलेगी, बल्कि वे अपने कारोबार पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। सरकार का यह कदम कारोबारी माहौल को सरल, पारदर्शी और अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। मंत्री ओपी चौधरी ने कहा, “हमें पूरा विश्वास है कि यह निर्णय राज्य के उद्यमियों और व्यवसायिक समुदाय के लिए वरदान साबित होगा, साथ ही छत्तीसगढ़ को निवेश और व्यापार के लिए एक आकर्षक गंतव्य बनाएगा।” यह निर्णय राज्य शासन की व्यापारियों के प्रति संवेदनशीलता और व्यावहारिक दृष्टिकोण को भी दर्शाता है।



