रायगढ़ में सनसनीखेज दो मौतें: खेत में करंट से झुलसा मजदूर, जंगल में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव फंदे पर
धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं ने बढ़ाई पुलिस की मुश्किलें, शवों की पहचान और कारणों की जांच जारी

रायगढ़। रविवार की सुबह धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में दहशत फैला दी। पहली घटना में बायसी लाखपतरा निवासी रामप्रसाद राठिया (37) की करंट लगने से खेत में दर्दनाक मौत हो गई। रामप्रसाद अपने खेत में बोर पंप चालू करने के लिए हुकिंग कर रहे थे, तभी वह करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गए और वहीं मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
परिवार के सदस्यों के खेत पहुंचने पर यह दर्दनाक नजारा सामने आया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, मौत करंट लगने से हुई है और मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
इसी दिन सुबह बराड़ीमुड़ा जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस को सूचना मिलने के बाद तुरंत मौके पर पहुंची और शव की पहचान के लिए आधार कार्ड के आधार पर जांच कर रही है। मृतक की उम्र लगभग 40-45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस दोनों मामलों की तहकीकात में जुटी हुई है और जल्द ही मौत के पीछे की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।



