आपदा में सहारा: गोवा सरकार ने बस्तर को दी 5 करोड़ की मदद, CM साय ने जताया आभार
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की राहत और पुनर्वास में बड़ा संबल, गोवा CM प्रमोद सावंत बोले—एकजुट होकर हर संकट का करेंगे सामना।

रायपुर। बस्तर संभाग में आई प्राकृतिक आपदा के बीच गोवा सरकार ने मदद का हाथ बढ़ाया है। गोवा ने छत्तीसगढ़ के लिए 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की है। इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत के प्रति आभार जताया।
CM साय ने सोशल मीडिया पर लिखा— “आपके इस सौजन्य के लिए हृदय से धन्यवाद डॉ. प्रमोद सावंत जी। आपका यह सहयोग न केवल प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्वास में मदद करेगा, बल्कि यह भी दर्शाता है कि हमारा देश एकजुट होकर हर संकट का सामना कर सकता है। आपदा की घड़ी में आपका यह सहयोग निश्चित ही बस्तर संभाग के हमारे प्रभावित जनों को संबल प्रदान करेगा। पुनः धन्यवाद।”
गोवा सीएम का ट्वीट
गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने अपने ट्वीट में कहा कि हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा ने छत्तीसगढ़ और पंजाब में भारी तबाही मचाई है। संकट की इस घड़ी में गोवा सरकार और जनता इन दोनों राज्यों के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री राहत कोष से छत्तीसगढ़ और पंजाब को 5-5 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, ताकि राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों में मदद मिल सके।
उन्होंने आगे कहा— “इस चुनौती से निपटने के लिए एकजुट राष्ट्र के प्रयासों में गोवा हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
एकजुटता का संदेश
गोवा सरकार का यह कदम न केवल आपदा प्रभावित परिवारों के लिए संबल साबित होगा, बल्कि देश के एकजुट होकर हर संकट का सामना करने की भावना को भी मजबूत करेगा।
