पीएम मोदी ने अरुणाचल को दी ₹5100 करोड़ की सौगात, कहा- ये देशभक्ति के उफान की धरती
ईटानगर में उद्घाटन और शिलान्यास, व्यापारियों से GST और स्वदेशी उत्पादों पर चर्चा

ईटानगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में ₹5100 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के विकास और पूर्वोत्तर के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने इस क्षेत्र की उपेक्षा की थी। उन्होंने कहा, “अरुणाचल प्रदेश न केवल उगते सूरज की धरती है, बल्कि यह देशभक्ति के उफान की भी धरती है। जैसे हमारे तिरंगे का पहला रंग केसरिया है, वैसे ही अरुणाचल का पहला रंग भी केसरिया है।” उन्होंने अरुणाचल के हर नागरिक को शौर्य और शांति का प्रतीक बताया।
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने स्थानीय व्यापारियों से मिलकर GST दरों में कटौती और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा की।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “जब-जब पीएम मोदी अरुणाचल आते हैं, हमारे प्रदेश का विकास एक छलांग ऊपर चढ़ जाता है। आज भी 5100 करोड़ की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन हुआ, जिसके लिए पूरे राज्य की ओर से हम उनका धन्यवाद करते हैं।”
पीएम मोदी के दौरे और परियोजनाओं के शुभारंभ से उम्मीद है कि अरुणाचल प्रदेश में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, रोजगार के अवसर पैदा होंगे और लोगों का जीवन स्तर सुधरेगा।

