छत्तीसगढ़

बिलासपुर: बुजुर्ग महिला पर बेटे-बहू का उत्पीड़न, संपत्ति हड़पने की धमकी – पुलिस भी बनी चुप

मारपीट और प्रताड़ना के बाद भी पुलिस ने नहीं ली कार्रवाई, आईजी ऑफिस में गुहार लगाने के बाद ही मिली सुरक्षा का भरोसा।


बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र की ग्राम परसदा निवासी 60 वर्षीय लक्ष्मीन चन्द्राकर ने अपने बेटे और बहू द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है। महिला के पति शिवनंदन चन्द्राकर पहले ही देहांत हो चुके हैं।

महिला का कहना है कि उनका सौतेला बेटा मनहरण चन्द्राकर और बहू चित्ररेखा चन्द्राकर उन्हें टोनही बोलकर धमकाते हैं और घर पर कब्जा करने के लिए लगातार दबाव डालते हैं। 20 अगस्त को दोपहर 12.30 बजे बेटे-बहू ने लक्ष्मीन से विवाद किया और मारपीट की।

महिला ने इस मामले की शिकायत चकरभाठा थाने में दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उन्हें थाने से भगा दिया। महिला ने गवाह भी पेश किए, लेकिन कोई मदद नहीं मिली।

परेशानी बढ़ने पर महिला ने मामला सीधे आईजी संजीव शुक्ला के समक्ष उठाया। आईजी कार्यालय में पुलिस अफसरों ने महिला को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इस घटना ने इलाके में बुजुर्गों की सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा कर दिया है। महिला लगातार यह दावा कर रही हैं कि उन्हें बेटा-बहू जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनकी जान खतरे में है।

Related Articles

Back to top button