BJP विधायक सुशांत शुक्ला की ध्वजा यात्रा का समापन, रतनपुर महामाया मंदिर में किए दर्शन
200 किमी की पदयात्रा में वनमंत्री केदार कश्यप भी हुए शामिल, मां महामाया से प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

बिलासपुर। नवरात्र की षष्ठी तिथि पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की ध्वजा यात्रा का समापन हो गया। यह यात्रा करीब 200 किलोमीटर की दूरी तय कर रविवार की रात रतनपुर महामाया मंदिर पहुंची, जहां मां महामाया के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ इसका समापन किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश के वनमंत्री केदार कश्यप भी ध्वजा यात्रा में विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने पदयात्रियों के साथ पैदल चलकर महामाया मंदिर में देवी का आशीर्वाद लिया। विधायक शुक्ला ने उन्हें चुनरी भेंट कर स्वागत किया।
वनमंत्री कश्यप ने ध्वज यात्रा की सराहना करते हुए कहा –
“नवरात्रि के पावन अवसर पर इस तरह की पदयात्रा करना एक कठिन साधना है। मां महामाया देवी इस यात्रा से पूरे प्रदेश में सनातन संस्कृति की अविरल धारा प्रवाहित करें, यही मेरी कामना है।”
श्रद्धा और सहयोग से पूरी हुई यात्रा
विधायक सुशांत शुक्ला ने यात्रा के समापन पर कहा कि आदिशक्ति महामाया देवी प्रदेश और बेलतरा विधानसभा के सभी क्षेत्रवासियों को सुख-समृद्धि और दीर्घायु जीवन प्रदान करें। उन्होंने बताया कि लोगों के सहयोग से 171 किलोमीटर का संकल्प 200 किलोमीटर से अधिक की दूरी में परिवर्तित हुआ।
उन्होंने आगे कहा कि यह ध्वजा यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और जनसंपर्क का माध्यम भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि “विकसित बेलतरा का यह सुशासन रथ आगे भी क्षेत्र में विकास के रास्ते खोलता रहेगा।”
