छत्तीसगढ़

रोटी-रोजगार पर संकट! रायपुर स्टेशन पर कुलियों का हंगामा, बैटरी कार बनी बड़ी वजह

रेलवे स्टेशन पर कुलियों का विरोध-प्रदर्शन, कहा– बैटरी चलित वाहन से छिन रहा है हमारा काम, अधिकारियों से की गुहार

रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन में उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब लाइसेंसी पोर्टर (कुली) अपने परिवारों के साथ प्रदर्शन करने पहुंच गए। उनकी नाराज़गी का कारण है—स्टेशन पर शुरू हुई बैटरी ऑपरेटेड कार सेवा। कुलियों का कहना है कि इस सुविधा से उनका रोजगार खतरे में पड़ गया है और परिवार का पेट पालना मुश्किल हो रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कुलियों ने रेलवे प्रशासन से बैटरी चलित कारों को बंद करने की मांग की। उन्होंने साफ कहा कि अगर यह सुविधा जारी रही तो उनके काम पर सीधा असर पड़ेगा और रोज़गार पूरी तरह छिन जाएगा।

बाद में कुलियों के प्रतिनिधियों ने रायपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

वहीं, रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बैटरी ऑपरेटेड कार आम यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू की गई है और इसे बंद करना संभव नहीं है। रेलवे का दावा है कि यात्रियों की सहूलियत बढ़ाने के लिए ऐसी सेवाएं लगातार जोड़ी जा रही हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी को असुविधा न हो।

फिलहाल कुलियों और रेलवे प्रशासन के बीच यह खींचतान जारी है। अब देखना होगा कि इस टकराव का हल कैसे निकलता है—क्या यात्रियों की सुविधा जीतेगी या फिर कुलियों का रोजगार बचाया जाएगा?

Related Articles

Back to top button