किराए के मकान में चल रहा था ‘अंधेरे का धंधा’… बाहर से लाई जा रहीं महिलाएं, पुलिस रेड में देह व्यापार का भंडाफोड़
रायगढ़ में आधी रात छापेमारी, आपत्तिजनक सामान बरामद, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार

रायगढ़।
शहर की एक शांत कॉलोनी में बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने एक किराए के मकान में चल रहे देह व्यापार के अड्डे का पर्दाफाश कर दिया। बाहर से महिलाओं को लाकर अनैतिक गतिविधियां कराई जा रही थीं और सब कुछ बेहद शातिर तरीके से संचालित हो रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के स्पष्ट निर्देशों के तहत जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में देह व्यापार की पुख्ता सूचना पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि केलो बिहार कॉलोनी स्थित संतोष सोनी के मकान में किरायेदार डिंपी उर्फ राहुल इजारदार बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार करवा रहा है। सूचना मिलते ही तत्काल एसएसपी को अवगत कराया गया, जिसके बाद थाना चक्रधरनगर और साइबर पुलिस थाना की संयुक्त टीम बनाई गई।
पुलिस ने बेहद सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। पहले एक पुलिस पाइंटर को ग्राहक बनाकर रुपये देकर मकान भेजा गया। जैसे ही पाइंटर से संकेत मिला, पुलिस टीम ने मकान की चारों ओर से घेराबंदी कर अचानक छापा मार दिया।
छापेमारी के दौरान मकान के भीतर तीन महिलाएं, पुलिस पाइंटर, मुख्य आरोपी डिंपी उर्फ राहुल इजारदार और एक अन्य व्यक्ति नागेंद्र विश्वकर्मा (निवासी कोतरारोड) मौजूद मिले। मौके से देह व्यापार में उपयोग की जाने वाली कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।
पूछताछ में नागेंद्र विश्वकर्मा ने खुलासा किया कि डिंपी इजारदार मकान का किरायेदार है और वही महिलाओं को लाकर उनसे वेश्यावृत्ति करवाता है। जांच में सामने आया कि आरोपी किराए के मकान में महिलाओं को पैसों का लालच देकर देह व्यापार में धकेलता, खुद इसका संचालन और प्रबंधन करता था और दलाली की भूमिका भी निभा रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन, पाइंटर द्वारा दी गई राशि और आपत्तिजनक सामग्री को गवाहों के समक्ष जप्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
-
डिंपी उर्फ राहुल इजारदार, पिता – जीवनलाल इजारदार, उम्र 40 वर्ष, निवासी – संतोष सोनी का मकान, केलो बिहार, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़
-
नागेंद्र विश्वकर्मा, पिता – विनोद विश्वकर्मा, उम्र 35 वर्ष, निवासी – गणेश चौक, थाना कोतरारोड, रायगढ़
👉 शांत कॉलोनी में चल रहे इस काले धंधे के खुलासे के बाद अब कई और चेहरों से नकाब हटने की उम्मीद जताई जा रही है।


