रात 11 बजे सन्नाटा… फिर कार के सामने अड़ी ग्रैंड विटारा! रायगढ़ में फिल्मी स्टाइल में युवतियों से छेड़खानी, एक गिरफ्तार
दवाई लेने निकली थीं दो बहनें, मनचलों ने पीछा कर रास्ता रोका; 4 आरोपी फरार, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

चांदमारी रोड पर देर रात सनसनी
रायगढ़। शहर की सड़कों पर 9 फरवरी की रात एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। रात करीब 11 बजे, जब दो युवतियां दवाई लेने कार से जा रही थीं, तब उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पलों में वे मनचलों के निशाने पर आ जाएंगी।
चांदमारी रोड पर कार रोककर दोनों बहनें आवारा कुत्तों को बिस्किट खिला रही थीं। तभी पीछे से आई नीले रंग की ग्रैंड विटारा (CG13 AW 2410) में सवार पांच युवकों ने अशोभनीय टिप्पणियां और गंदे इशारे शुरू कर दिए।
पीछा, ओवरटेक और सड़क पर रोक दी कार
युवतियां वहां से निकल गईं, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। मामला यहीं नहीं रुका—
रियापारा तिराहा चौक के पास आरोपियों ने ओवरटेक कर उनकी कार के सामने अपनी गाड़ी अड़ा दी।
एक युवक कार से उतरकर अभद्र हरकतें करने लगा और अपना नाम प्रदीप पटेल बताया। अन्य युवक भी लगातार अश्लील टिप्पणियां करते रहे। डरी-सहमी युवतियों ने बाद में महिला थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, एक आरोपी जेल भेजा गया
घटना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर महिला थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
मामले में अपराध क्रमांक 09/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस पंजीबद्ध किया गया।
जांच के दौरान ग्रैंड विटारा कार ढिमरापुर स्थित प्रदीप पटेल के घर के सामने मिली, लेकिन वह फरार था। आगे की जांच में सामने आया कि घटना के दिन वाहन नरेन्द्र महावर चला रहा था।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नरेन्द्र महावर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने प्रदीप पटेल, कमलेश यादव, राहुल गुप्ता और संगम त्रिपाठी (निवासी सतीगुड़ी चौक, रायगढ़) के साथ मिलकर युवतियों का पीछा किया और रास्ता रोककर छेड़खानी की।
घटना में शामिल अन्य चार आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी सघन पतासाजी कर रही है।


