रिसॉर्ट में रंगे हाथ पकड़ी गई पत्नी! बीजेपी नेता के साथ रिश्ते का खुलासा, बच्चों को जहर देने की धमकी से मचा हड़कंप
बालोद में पारिवारिक विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, वायरल वीडियो के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने, पुलिस जांच की मांग तेज

बालोद। जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक भाजपा कार्यकर्ता ने अपनी पत्नी और भाजपा जिला अल्पसंख्यक उपाध्यक्ष के बीच अवैध संबंध होने का गंभीर आरोप लगाया है। यह विवाद उस वक्त सुर्खियों में आ गया, जब पति ने दोनों को गुंडरदेही क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में एक साथ पकड़ लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं को जन्म दे रहा है।
पीड़ित पति ने अपनी शिकायत में पत्नी पर कई चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि पत्नी घर में बच्चों के साथ क्रूरता करती है और उन्हें प्रताड़ित करती है। आरोप के मुताबिक, वह बच्चों की आंख और मुंह में लाल मिर्च डालने जैसी अमानवीय हरकतें करती है। इतना ही नहीं, वह बच्चों को यह कहकर डराती है कि घर उसके नाम पर है और वह कभी भी उन्हें घर से बाहर निकाल सकती है।
मामले ने और गंभीर रूप तब ले लिया, जब पति ने आरोप लगाया कि पत्नी बच्चों को धमकाती है कि वह उनके पिता को खाने में जहर देकर मार देगी। साथ ही, ज्यादा विरोध करने पर पूरे परिवार को घर से निकालने की बात भी कहती है। पति का कहना है कि वह और उसके बच्चे लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना झेल रहे हैं।
पति ने यह भी आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी के अन्य पुरुषों के साथ भी संबंध हैं और वह बार-बार उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती है। इन सभी आरोपों के आधार पर उसने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस पूरे मामले में पत्नी ने भी पलटवार करते हुए पति पर बदनाम करने, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। उसने कहा है कि उसके खिलाफ साजिश रची जा रही है और उसे झूठे आरोपों में फंसाया जा रहा है।
फिलहाल, यह मामला आरोप-प्रत्यारोप के बीच उलझा हुआ है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। वायरल वीडियो और गंभीर आरोपों के चलते यह विवाद जिले में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।


