अब छत्तीसगढ़ में सस्ता होगा ‘बार’ खोलना!… साय सरकार का बड़ा फैसला, एयरपोर्ट पर भी मिलेगी विदेशी शराब
लाइसेंस फीस में 6 लाख की कटौती, बैंक गारंटी में राहत… रायपुर एयरपोर्ट पर पायलट प्रोजेक्ट को मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बार और क्लब कारोबार को लेकर बड़ा बदलाव हुआ है। विष्णुदेव साय सरकार ने नई आबकारी नीति में संशोधन करते हुए होटल, रेस्टोरेंट और क्लब संचालकों को बड़ी राहत दी है। लाइसेंस फीस में भारी कटौती कर राज्य में नया व्यापार शुरू करना अब पहले से आसान और सस्ता हो जाएगा।
🔻 लाइसेंस फीस में 6 लाख की सीधी बचत
राज्य सरकार ने 7 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के लिए बड़ा फैसला लिया है।
FL-2 (क) और FL-3 (क) श्रेणी के बार लाइसेंस की फीस 24 लाख रुपये से घटाकर 18 लाख रुपये कर दी गई है। यानी कारोबारियों को सीधे 6 लाख रुपये की राहत मिलेगी।
🏦 बैंक गारंटी में भी राहत
सिर्फ लाइसेंस फीस ही नहीं, अनिवार्य बैंक गारंटी की राशि में भी कटौती की गई है। इससे नए कारोबारियों पर शुरुआती वित्तीय दबाव कम होगा और निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
🏨 3-स्टार और उससे ऊपर के होटलों को फायदा
नई नीति में क्लबों के साथ-साथ थ्री-स्टार और उससे ऊपर की श्रेणी वाले होटलों की लाइसेंस फीस में भी रियायत दी गई है। सरकार का दावा है कि इससे पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को नई गति मिलेगी।
✈️ एयरपोर्ट पर बार… पायलट प्रोजेक्ट शुरू
सबसे ज्यादा चर्चा राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डा को लेकर है।
साल 2026-27 के लिए पायलट प्रोजेक्ट के तहत एयरपोर्ट पर बार खोलने की अनुमति दे दी गई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी से NOC मिलने के बाद यात्री अब वहां के रेस्टोरेंट्स में विदेशी शराब का आनंद ले सकेंगे।
सरकार का मानना है कि इससे यात्रियों और पर्यटकों के अनुभव में सुधार होगा और राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होगी।
