“1496 इनामी समेत 2937 नक्सलियों ने डाले हथियार!” सदन में गूंजा सरेंडर और पुनर्वास का बड़ा खुलासा
बजट सत्र में चौंकाने वाले आंकड़े, करोड़ों की राशि अब भी बाकी

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चल रहे विधानसभा बजट सत्र के चौथे दिन नक्सलियों के सरेंडर और पुनर्वास का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी के सवालों पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने सदन में विस्तृत जवाब दिया।
📊 चौंकाने वाले आंकड़े सामने
गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि 9 फरवरी 2026 तक 1496 इनामी नक्सलियों सहित कुल 2937 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।
यह आंकड़ा सामने आते ही सदन में हलचल तेज हो गई। विपक्ष ने पुनर्वास नीति और इनामी नक्सलियों को दी जाने वाली राशि पर कई सवाल उठाए।
💰 करोड़ों की राशि अभी भी शेष
गृह मंत्री ने बताया कि पुनर्वास नीति के तहत अब तक प्रारंभिक सहायता राशि के रूप में 5 करोड़ 64 लाख रुपये दिए जा चुके हैं।
हालांकि, इनामी नक्सलियों के लिए घोषित कुल 49 करोड़ 34 लाख रुपये की राशि अब भी वितरित की जानी बाकी है।
सरेंडर करने वाले नक्सलियों को दी जाने वाली राशि बैंक में जमा की जा रही है, जिसे वे तीन साल बाद निकाल सकेंगे।
❓ क्या बदलेगी नक्सल नीति की दिशा?
सदन में उठे सवालों ने एक बार फिर राज्य की नक्सल पुनर्वास नीति को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। क्या आत्मसमर्पण की बढ़ती संख्या शांति की दिशा में बड़ा संकेत है, या फिर पुनर्वास की प्रक्रिया में अभी भी कई चुनौतियां बाकी हैं?

