डांस टीचर की रहस्यमयी हत्या का खुला राज…अप्राकृतिक संबंध के दबाव से तंग आकर किशोर बना कातिल!
कवर्धा में दो महीने बाद सुलझी सनसनीखेज मर्डर मिस्ट्री, 500 CCTV और 5 हजार मोबाइल नंबर खंगालने के बाद पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

कवर्धा। जिले में करीब दो महीने पहले हुए डांस टीचर सत्यम दास मानिकपुरी (27) की रहस्यमयी हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस का दावा है कि इस पेचीदा मर्डर केस को सुलझा लिया गया है और मामले में एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
आरोप है कि नाबालिग ने ही चाकू से वार कर डांस टीचर की निर्मम हत्या कर दी थी।
दो महीने तक चली गहन जांच
पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड को सुलझाने के लिए टीम ने काफी लंबी और बारीक जांच की। इस दौरान करीब 5 हजार से अधिक मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया और 500 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आखिरकार आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
अप्राकृतिक संबंध को लेकर विवाद
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी नाबालिग और मृतक डांस टीचर के बीच अप्राकृतिक संबंध थे। बताया जा रहा है कि मृतक नाबालिग पर समलैंगिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालता था।
संभावना जताई जा रही है कि इसी बात से परेशान होकर नाबालिग ने धारदार हथियार से सत्यम दास मानिकपुरी की हत्या कर दी।
हत्या में इस्तेमाल सामान भी बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, स्कूटी, खून से सने कपड़े और नदी में फेंका गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
सड़क किनारे मिला था खून से लथपथ शव
दरअसल यह मामला 18 जनवरी 2026 को सामने आया था, जब कवर्धा शहर के पास लालपुर नर्सरी के नजदीक सड़क किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव मिला था।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर कई गहरे चोट के निशान मिले थे, जिससे साफ हो गया था कि युवक की बेहद बेरहमी से हत्या की गई है।
