छत्तीसगढ़

जंगल से निकले हथियारबंद नक्सली… सीधे SP ऑफिस की ओर, आखिर क्यों अचानक लिया सरेंडर का फैसला?

इनामी और खतरनाक माने जाने वाले 5 नक्सली खुद हथियार लेकर पहुंचे समर्पण के लिए, इलाके से खत्म हो सकता है बड़ा नेटवर्क

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक बेहद अहम और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है, जहां जंगलों में सक्रिय हथियारबंद नक्सलियों ने अचानक सरेंडर का रास्ता चुन लिया है। जानकारी के मुताबिक उइकाटोला के घने जंगलों से पांच इनामी नक्सली अपने हथियारों के साथ बाहर निकले हैं और कांकेर एसपी कार्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण करने की तैयारी में हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय पर सामने आया है जब हाल ही में बड़े नक्सली लीडर पापा राव के बाद लगातार सरेंडर की खबरें आ रही हैं।

बताया जा रहा है कि सरेंडर करने वाले नक्सलियों में एसीएम मंगेश, एसीएम गणेश उइका, एसीएम राजे, एसीएम हिडमे उर्फ जमाली और एसीएम मंगति शामिल हैं। ये सभी लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं और सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बने हुए थे। खास बात यह है कि ये नक्सली एक एसएलआर और दो 303 रायफल जैसे घातक हथियारों के साथ आत्मसमर्पण करने निकले हैं, जो इस पूरे घटनाक्रम को और भी गंभीर बना देता है।

सूत्रों के अनुसार, इन पांचों नक्सलियों के सरेंडर के साथ ही कांकेर जिले का मोहला-अवन्धी संयुक्त एरिया कमेटी पूरी तरह नक्सल मुक्त हो सकता है। यह सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि इस क्षेत्र में लंबे समय से नक्सली नेटवर्क सक्रिय था और कई घटनाओं को अंजाम दिया गया था।

लगातार हो रहे सरेंडर ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं कि आखिर जंगलों में ऐसा क्या बदल रहा है, जिससे नक्सली खुद हथियार डालने को मजबूर हो रहे हैं। क्या यह सुरक्षा बलों का दबाव है, या फिर अंदर ही अंदर टूटता जा रहा है नक्सली संगठन का ढांचा। फिलहाल सबकी नजर इस सरेंडर पर टिकी हुई है, जो आने वाले समय में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी दिशा तय कर सकता है।

Related Articles

Back to top button