छत्तीसगढ़

रायपुर में चल रहा था सिलेंडरों का खेल? पिकअप से एक साथ 45 गैस सिलेंडर बरामद, कागजात न होने पर खुला बड़ा राज

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश, सड़क किनारे ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी, अब जांच में खुल सकते हैं नए खुलासे

राजधानी रायपुर में गैस सिलेंडरों के अवैध कारोबार की आशंका ने उस वक्त तूल पकड़ लिया, जब पुलिस ने एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में कॉमर्शियल सिलेंडर जब्त किए। ग्राम चिचोली के पास शान ए पंजाब ढाबा के सामने मेन रोड पर हुई इस कार्रवाई ने इलाके में हलचल मचा दी। बताया जा रहा है कि पुलिस को पहले से ही मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की पिकअप में बड़ी संख्या में सिलेंडर भरकर कुछ लोग बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए वाहन को घेर लिया। जांच के दौरान पिकअप के डाले में बड़ी मात्रा में सिलेंडर भरे हुए मिले, जिनमें 21 किलो वाले भरे और खाली दोनों प्रकार के सिलेंडर शामिल थे। मौके पर मौजूद दो लोगों से जब इन सिलेंडरों के संबंध में कागजात मांगे गए, तो वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। उन्होंने बताया कि सभी कागजात वाहन मालिक के पास हैं और वे उसी के निर्देश पर काम कर रहे थे।

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए कुल 45 कॉमर्शियल सिलेंडर जब्त कर लिए। इसके साथ ही करीब 10 लाख रुपये की कीमत की पिकअप वाहन को भी कब्जे में लिया गया। बरामद सिलेंडरों में इंडियन कंपनी का एक खाली सिलेंडर, 37 भरे हुए और 7 खाली सिलेंडर शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 74 हजार रुपये बताई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। चूंकि यह मामला खाद्य विभाग से जुड़ा हुआ है, इसलिए आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए सभी जब्त सामान और आरोपियों को खाद्य निरीक्षक को सौंप दिया गया है। फिलहाल यह जांच का विषय बना हुआ है कि इतने बड़े पैमाने पर सिलेंडर कहां से लाए गए थे और इन्हें किस नेटवर्क के तहत बेचा जा रहा था।

 

Related Articles

Back to top button