रायपुर में दिनदहाड़े 17 लाख गायब, बंद घर के अंदर कैसे साफ हो गई रकम, कारोबारी के होश उड़े
सुबह तक सुरक्षित थी नकदी, दोपहर में अलमारी खाली मिली, घर के अंदर ही घूम रहा है बड़ा शक

रायपुर से सामने आई चोरी की एक घटना ने न सिर्फ पुलिस बल्कि आम लोगों को भी हैरान कर दिया है। मामला ऐसा है, जिसमें न ताले टूटे, न जबरन घुसने के निशान, फिर भी घर के अंदर से लाखों रुपये अचानक गायब हो गए।
सदर बाजार से जुड़े सुमित ज्वेलर्स और शुभम के मार्ट के कारोबारी नमित कांकरिया के कटोरा तालाब स्थित मकान से करीब 17 लाख रुपये नकद चोरी हो गए हैं। इस मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम हर एंगल से जांच में जुट गई है।
पीड़ित कारोबारी के मुताबिक, 28 मार्च की रात उन्होंने 17 लाख रुपये नकद अपने घर की अलमारी में सुरक्षित रखे थे। सुबह दफ्तर जाने से पहले तक सब कुछ सामान्य था और रकम वहीं मौजूद थी। लेकिन असली झटका उन्हें तब लगा, जब दोपहर में घर लौटने पर अलमारी पूरी तरह खाली मिली।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि घर में किसी तरह की जबरन घुसपैठ या तोड़फोड़ के कोई संकेत नहीं मिले हैं। ऐसे में शक की सुई अब घर के अंदर मौजूद लोगों और करीबी दायरे पर भी घूमने लगी है।
नमित कांकरिया ने बताया कि पैसे गायब मिलने के बाद उन्होंने घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद तुरंत सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया गया।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर संभावित सबूत जुटाने की कोशिश की जा रही है। यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है कि आखिर बंद घर के अंदर से इतनी बड़ी रकम कैसे गायब हो गई। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि इस रहस्यमयी चोरी का पर्दाफाश कब तक हो पाता है।

