नपाई के बीच अचानक निकली तलवार, “एक इंच भी जमीन नहीं दूंगा”… और फिर शुरू हुआ खौफनाक पीछा
रायगढ़ में जमीन विवाद ने लिया हिंसक मोड़, तलवार लहराकर जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जमीन की नपाई के दौरान चल रहा एक सामान्य सा विवाद अचानक उस वक्त खौफनाक मोड़ ले बैठा, जब मौके पर पहुंचे एक युवक ने हाथ में तलवार लहराते हुए ऐसा हंगामा खड़ा कर दिया कि वहां मौजूद लोग सहम गए। कुछ ही पलों में हालात इतने बिगड़ गए कि जान बचाकर भागना ही एकमात्र रास्ता रह गया।
मामला कापू थाना क्षेत्र का है, जहां ग्राम इंदकालो निवासी पदमन बंजारा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले उसने ग्राम अलोला निवासी कमलेश राठिया से 22 डिसमिल टिकरा भूमि खरीदी थी। इसी जमीन तक रास्ता देने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
26 मार्च 2026 को जब हल्का पटवारी द्वारा जमीन की नपाई कराई जा रही थी, उसी दौरान दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक ग्राम अलोला निवासी युवराज बंजारा हाथ में तलवार लेकर वहां पहुंच गया। मौके पर पहुंचते ही उसने “एक इंच भी जमीन नहीं दूंगा” कहते हुए गाली-गलौच शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला और बिगड़ गया।
आरोपी ने तलवार लहराते हुए शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी दी और उस पर हमला करने के इरादे से दौड़ा लिया। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि शिकायतकर्ता को अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही कापू पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार भी जब्त कर ली है। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई है। आरोपी युवराज बंजारा, पिता कार्तिकराम बंजारा, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम अलोला थाना कापू को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटे-छोटे जमीन विवाद कब और कैसे जानलेवा रूप ले लेते हैं, इसका अंदाजा किसी को नहीं होता।

