छत्तीसगढ़

अंबिकापुर: 9 दिन तक जमीन के नीचे दबी रही लाश… फिर ‘आत्मा’ के डर ने तोड़ी चुप्पी, दोस्त ही निकला कातिल

शराब के मामूली विवाद से शुरू हुआ झगड़ा बना खौफनाक हत्या की वजह, पत्नी के साथ मिलकर घर में ही दफनाया शव


अंबिकापुर। शांत दिखने वाले एक मोहल्ले के अंदर 9 दिनों तक ऐसा राज दबा रहा, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। एक दोस्त ने ही अपने दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर उसे अपने ही घर के अंदर दफना दिया। लेकिन इस खौफनाक सच्चाई को आखिरकार एक अजीब डर ने बाहर ला दिया।

पूरा मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है, जहां मिथलेश कुजूर नाम के युवक ने अपने ही दोस्त बृजलाल की हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा तब हुआ, जब घटना के 9 दिन बाद खुद आरोपी थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

बताया जा रहा है कि हत्या के बाद से आरोपी मानसिक रूप से काफी परेशान था। उसे लगातार यह डर सता रहा था कि मृतक की आत्मा उसे नुकसान पहुंचा सकती है। इसी डर ने उसे अंदर से तोड़ दिया और आखिरकार उसने पुलिस के सामने पूरी सच्चाई उगल दी।

पुलिस के अनुसार, 25 मार्च की रात बृजलाल अपने दोस्त मिथलेश के घर गया था। वहां उसने शराब पीने की बात कही, लेकिन नवरात्रि के चलते बृजलाल ने शराब पीने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। झगड़े के दौरान आरोपी का मोबाइल टूट गया, जिससे गुस्से में आकर मिथलेश ने लाठी-डंडे से बृजलाल पर हमला कर दिया।

हमला इतना गंभीर था कि मौके पर ही बृजलाल की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर सबूत मिटाने की कोशिश की और शव को घर के अंदर ही जमीन में दफना दिया, ताकि किसी को इस वारदात की भनक न लगे।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार की मौजूदगी में जमीन खोदकर शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और जांच शुरू की गई।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी मिथलेश कुजूर को हिरासत में ले लिया है और उसकी पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यह मामला न सिर्फ एक हत्या का है, बल्कि यह भी दिखाता है कि अपराध के बाद इंसान अपने ही डर से कब तक भाग सकता है।

Related Articles

Back to top button