छत्तीसगढ़

नहर में तैरता मिला रहस्यमयी माल… एक-एक कर निकले 17 पैकेट, पुलिस भी देखकर रह गई हैरान

गरियाबंद में बहते पानी के साथ मिला 68 किलो गांजा, तस्करों की नई चाल ने बढ़ाई पुलिस की टेंशन

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब लोगों ने नहर के पानी में कुछ संदिग्ध पैकेट बहते हुए देखे। शुरुआत में किसी को समझ नहीं आया कि आखिर ये क्या है, लेकिन जब पुलिस ने जांच की तो पूरा मामला चौंकाने वाला निकला।

मोहतरा से अतरमरा के बीच फिंगेश्वर वितरक शाखा नहर में एक के बाद एक कुल 17 पैकेट बहते हुए पाए गए। सूचना मिलते ही पांडुका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पैकेटों को बाहर निकाला। जांच में सामने आया कि इन पैकेटों में गांजा भरा हुआ था।

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक बरामद गांजे की मात्रा 68 किलो से अधिक बताई जा रही है, जिसकी बाजार कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है। यह देखकर पुलिस भी हैरान रह गई कि तस्करों ने माल को नहर के रास्ते फेंककर छिपाने की कोशिश की।

पुलिस का मानना है कि तस्करों ने किसी तरह की कार्रवाई या गिरफ्तारी के डर से गांजा से भरे पैकेट नहर में फेंक दिए होंगे। अब पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि तस्करों तक पहुंचा जा सके।

इस घटना ने पुलिस के सामने एक नया सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या नहर का इस्तेमाल अब तस्करी के नए और खतरनाक तरीके के रूप में किया जा रहा है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Related Articles

Back to top button