एक आदेश में बदला पूरा पुलिस सिस्टम, 14 तबादलों से मचा हलचल, थानों की कमान बदली तो बढ़ा सस्पेंस
5 थाना प्रभारियों समेत बड़े पैमाने पर फेरबदल, नए चेहरों को मिली जिम्मेदारी, पुलिस महकमे में तेज हुई हलचल

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
जिले के पुलिस विभाग में अचानक हुए बड़े फेरबदल ने महकमे में हलचल तेज कर दी है। एक ही आदेश में 14 पुलिसकर्मियों के तबादले ने कई थानों और शाखाओं की तस्वीर बदल दी है। इस फैसले के बाद जहां नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं पूरे जिले में प्रशासनिक गतिविधियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
एसपी के आदेश से बदली व्यवस्था
एसपी मनोज खेलारी द्वारा जारी आदेश के तहत 5 थाना प्रभारी (निरीक्षक), 2 सब इंस्पेक्टर, 1 एएसआई, 2 प्रधान आरक्षक और 4 आरक्षक का स्थानांतरण किया गया है। इस व्यापक बदलाव के साथ ही जिले के कई अहम थानों की कमान नए अधिकारियों को सौंप दी गई है।
इनके हाथ में आई थानों की कमान
नई व्यवस्था के तहत शनिप रात्रे को गौरेला थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि शैलेंद्र सिंह को मरवाही थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों से स्थानीय स्तर पर पुलिसिंग के तरीके में बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।
यातायात और साइबर पर खास फोकस
जिले की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सिद्धार्थ शुक्ला को यातायात प्रभारी बनाया गया है। वहीं तकनीकी जांच को मजबूत करने के लिए मनोज हनौतिया को साइबर सेल की कमान दी गई है। शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए अजय वारे को शिकायत शाखा का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
महिला और अजाक थाने की जिम्मेदारी एक हाथ में
प्रशासन ने अहम फैसला लेते हुए अंजना केरकेट्टा को नवगठित अजाक थाना और महिला थाना दोनों की जिम्मेदारी सौंपी है। खास बात यह है कि जिले में पहली बार अजाक थाने का गठन किया गया है, जिसे अनुसूचित जाति और जनजाति से जुड़े मामलों के समाधान की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
नई ऊर्जा के संकेत, बढ़ी उम्मीदें
इस बड़े फेरबदल के जरिए पुलिस प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि अपराध नियंत्रण, पारदर्शिता और तकनीकी मजबूती पर अब ज्यादा जोर दिया जाएगा। एसपी के इस फैसले के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जिले के पुलिस तंत्र में नई ऊर्जा आएगी और कानून-व्यवस्था को और बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा।



