
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब और घरेलू विवाद ने एक महिला की जिंदगी छीन ली। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गई और पति ने अपनी ही पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने कई दिनों तक जिंदगी की जंग लड़ी, लेकिन आखिरकार इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक घटना घरेलू विवाद के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि शराब को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आरोपी पति ने पत्नी पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि घायल महिला को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उसे रायपुर रेफर किया गया, जहां 3 मई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने गुस्से में हमला करने की बात स्वीकार कर ली है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह घटना एक बार फिर समाज में बढ़ती घरेलू हिंसा और शराब से जुड़ी समस्याओं की भयावह तस्वीर सामने लाती है, जहां गुस्से और नशे में रिश्ते मौत तक पहुंच जा रहे हैं।



