छत्तीसगढ़

रायगढ़: IPL सट्टे का बड़ा खेल बेनकाब! शहर में तीन जगह छापे, नोट गिनने की मशीन और लाखों कैश के साथ 5 खाईवाल गिरफ्तार

मोबाइल से चल रहा था करोड़ों के दांव का नेटवर्क, पुलिस ने खोली ऑनलाइन बेटिंग गैंग की परतें

रायगढ़। आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टे का बड़ा नेटवर्क चलाने वाले खाईवालों पर रायगढ़ पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा किया है। “ऑपरेशन अंकुश” के तहत साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के तीन अलग-अलग ठिकानों पर रेड मारकर 5 सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में करीब 3 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, महंगे मोबाइल फोन और डिजिटल लेनदेन के सबूत जब्त किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी मोबाइल फोन और ऑनलाइन बेटिंग आईडी के जरिए आईपीएल मैचों पर हार-जीत का सट्टा चला रहे थे।

पहली कार्रवाई कोतरारोड बायपास स्थित आर.एस. ट्रेडिंग कंपनी के ऑफिस में की गई, जहां साकेत सिंघानिया को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते रंगे हाथ पकड़ा गया। उसके मोबाइल फोन से बेटिंग आईडी, व्हाट्सएप चैट, यूपीआई ट्रांजेक्शन और रकम के डिजिटल लेनदेन से जुड़े कई अहम सबूत मिले। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आईफोन-13 प्रो और अन्य मोबाइल जब्त किए।

दूसरी रेड पुराना पंजाब नेशनल बैंक के पास एक राशन दुकान में की गई, जहां रितेश डालमिया ऑनलाइन सट्टा खिलाते पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों पिंटू हलवाई, रौनक मोदनवाल और प्रियंका हलवाई के साथ मिलकर नेटवर्क चलाने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने चांदमारी इलाके में दबिश देकर रौनक और प्रियंका को हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस को आईफोन, विवो और सैमसंग मोबाइल, करीब 2 लाख 69 हजार रुपये नकद और नोट गिनने की इलेक्ट्रॉनिक मशीन मिली। पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और बड़े स्तर पर ऑनलाइन सट्टा ऑपरेट कर रहा था।

तीसरी कार्रवाई संजय मैदान रामभांठा क्षेत्र में हुई, जहां किराए के मकान से प्रदीप कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया गया। उसके मोबाइल में क्रिकेट गुरु एप, फोन-पे ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और सट्टे के लेनदेन से जुड़े स्क्रीनशॉट मिले। पूछताछ में उसने भी अन्य आरोपियों के साथ मिलकर आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने की बात स्वीकार की।

फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड बताए जा रहे पिंटू हलवाई की तलाश जारी है, जो अब भी फरार बताया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button