Uncategorized

रायगढ़:तेज रफ्तार ट्रक बना मौत का काल! दो युवकों की मौत के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, चालक पर लगा मानव वध का केस

बिना लाइसेंस दौड़ा रहा था भारी ट्रक, सड़क पर बिखरी दो जिंदगियां, अब सीधे जेल पहुंचा आरोपी

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद पुलिस ने ऐसी कार्रवाई की है, जिसने लापरवाह वाहन चालकों के बीच खौफ पैदा कर दिया है। पुसौर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक पर सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि गैर इरादतन मानव वध की गंभीर धारा लगाई है।

यह हादसा 10 मई की दोपहर चंद्रपुर-सारंगढ़ मुख्य मार्ग पर ग्राम तेतला अस्पताल के पास हुआ था। बताया जा रहा है कि ट्रक क्रमांक CG 13 LA 1157 का चालक वजीम खान ट्रक को तेज रफ्तार और बेहद लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक को उसने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक चालक महेश निषाद और पीछे बैठे सोनू माली सड़क पर उछलकर गिर पड़े। दोनों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दोनों युवक सक्ती जिले के कांशीडीह गांव के रहने वाले थे और उनकी उम्र महज 25 साल थी।

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक महेश निषाद के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पहले मामला दर्ज किया, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए।

थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टायरों के स्किड मार्क, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य भौतिक साक्ष्यों की जांच में सामने आया कि ट्रक अत्यधिक तेज गति से चलाया जा रहा था।

जांच में यह भी पता चला कि ट्रक चला रहा वजीम खान बिना किसी वैध ड्राइविंग लाइसेंस के सड़क पर भारी वाहन दौड़ा रहा था। ट्रक मालिक और आरोपी के पिता नसीर अहमद ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बेटे को ट्रक ले जाने से मना किया था, लेकिन वह जबरन वाहन लेकर निकल गया।

पुलिस ने माना कि आरोपी को इस बात का पूरा अंदाजा था कि बिना लाइसेंस और बिना प्रशिक्षण भारी वाहन चलाना किसी की जान ले सकता है। इसी आधार पर पुलिस ने मामले में सिर्फ लापरवाही की धारा नहीं, बल्कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 यानी गैर इरादतन मानव वध की गंभीर धारा जोड़ दी।

आरोपी वजीम खान को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

रायगढ़ पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया है कि अब सड़क पर लापरवाही से मौत बांटने वालों के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई होगी। बिना लाइसेंस वाहन चलाकर हादसा करने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा।

Related Articles

Back to top button