देश

NEET पेपर लीक के बाद बड़ा फैसला! अब इस दिन होगी परीक्षा, हाईलेवल मीटिंग के बाद मचा हड़कंप

रायपुर/दिल्ली। देशभर में मचे NEET पेपर लीक विवाद के बीच आखिरकार नई परीक्षा तारीख का ऐलान कर दिया गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी National Testing Agency ने भारत सरकार की मंजूरी के बाद घोषणा की है कि अब NEET-UG परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा रद्द होने के बाद से लाखों छात्रों के बीच बनी अनिश्चितता के माहौल में यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है।

दरअसल, NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने के दो दिन बाद गुरुवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के आवास पर हाईलेवल बैठक हुई। इस बैठक में दोबारा परीक्षा कराने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में हायर एजुकेशन सेक्रेटरी विनीत जोशी, स्कूल एजुकेशन सेक्रेटरी संजय कुमार, NTA डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह, Central Board of Secondary Education के चेयरपर्सन राहुल सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इधर, पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों और संगठनों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। अहमदाबाद में National Students’ Union of India के कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया और उनके काफिले को रोकने की कोशिश की। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

मामले की जांच कर रही Central Bureau of Investigation ने अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने इनमें से 5 आरोपियों को 7 दिन की कस्टडी में भेज दिया है। जांच में राजस्थान, हरियाणा और महाराष्ट्र तक फैले नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के सीकर निवासी मांगी लाल बिंवाल, दिनेश बिंवाल, विकास बिंवाल, गुरुग्राम निवासी यश यादव और नासिक के शुभम खैरनार शामिल हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक, शुभम ने ही यश यादव को पेपर उपलब्ध कराया था।

अब 21 जून को होने वाली परीक्षा पर पूरे देश की नजर टिकी हुई है। लाखों छात्र उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार परीक्षा पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न होगी।

Related Articles

Back to top button