रायपुर में कल बंटेंगे सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र! PM मोदी करेंगे सीधा संबोधन, 257 युवाओं की बदल जाएगी किस्मत
देशभर में 51 हजार से ज्यादा युवाओं को मिलेगा रोजगार, रायपुर के मेगा कार्यक्रम में जुटेंगे कई बड़े नेता और अफसर

रायपुर। सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राजधानी रायपुर में 23 मई को 19वें रोजगार मेले का आयोजन होने जा रहा है, जहां सैकड़ों युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। खास बात यह है कि इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए करेंगे, जिससे पूरे आयोजन को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल की ओर से आयोजित यह रोजगार मेला पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, एनआईटी के सामने साइंस कॉलेज परिसर में आयोजित होगा। देशभर के 47 स्थानों पर एक साथ होने वाले इस मेगा रोजगार अभियान के तहत 51 हजार से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में रेलवे, पोस्टल, वित्त सेवा, स्वास्थ्य सेवा और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड समेत कई विभागों में चयनित करीब 257 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। माना जा रहा है कि यह आयोजन न केवल युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगा, बल्कि रोजगार को लेकर सरकार की बड़ी पहल के रूप में भी देखा जा रहा है।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय जनजातीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके होंगे। वहीं सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू समेत कई जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
रेलवे की ओर से मंडल रेल प्रबंधक दयानंद सहित रायपुर रेल मंडल और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। रोजगार मेले को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और चयनित अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।