छत्तीसगढ़

“अब हम बच गए…” बस्तर की बच्ची की ये बात सुन भावुक हुए अमित शाह, बोले- लाखों की भीड़ से ज्यादा सुकून यहां मिला

जहां कभी गूंजती थीं गोलियां, वहां अब दिखी उम्मीद की मुस्कान! बस्तर दौरे का भावुक पल बना चर्चा का विषय

 

बस्तर। कभी नक्सल आतंक के साए में रहने वाले बस्तर से इस बार एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी भावुक कर दिया। बस्तर दौरे के दौरान एक छोटी बच्ची ने उनसे कहा, “अब हम बच गए…” और यही शब्द पूरे कार्यक्रम का सबसे चर्चित और भावुक पल बन गए।

गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ दौरे पर बस्तर पहुंचे थे, जहां उन्होंने मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता की और कई विकास कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने जगदलपुर के नेतानार गांव में “गुंडा धुर सेवा डेरा” का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग मौजूद थे।

अमित शाह ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आदिवासी भाई-बहनों के चेहरों पर जो उम्मीद और भरोसा दिखाई दिया, उसने उन्हें भीतर तक छू लिया। उन्होंने कहा कि राजनीति में लाखों लोगों को संबोधित करने से जितना आत्मसंतोष नहीं मिलता, उससे ज्यादा संतोष उन्हें 400 आदिवासी लोगों के बीच जाकर मिला।

गृह मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद चलते-चलते एक छोटी बच्ची ने उनसे कहा, “अब हम बच गए…”। शाह ने कहा कि उस पल जो खुशी और संतोष महसूस हुआ, उसे शब्दों में बयां करना बेहद मुश्किल है।

इस भावुक पल का वीडियो गृह मंत्री के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स अकाउंट से भी साझा किया गया। वीडियो के साथ लिखा गया, “बस्तर के नक्सलमुक्त होने के बाद जब वहां की एक छोटी बच्ची मुझे बोलती है कि ‘हम बच गए’, तो वह खुशी लाखों खुशियों से ऊपर होती है।”

अमित शाह ने कहा कि जिस बस्तर में कभी लाल आतंक का खौफ था, आज वहीं मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक होना पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि अब यह क्षेत्र सिर्फ नक्सलमुक्त ही नहीं बल्कि आपसी विवादों से भी मुक्त हो रहा है।

बैठक में कुपोषण खत्म करने, स्कूल ड्रॉपआउट कम करने, महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में दोषसिद्धि बढ़ाने और साइबर हेल्पलाइन जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। लेकिन इन सबके बीच सबसे ज्यादा चर्चा उस मासूम बच्ची के शब्दों की हो रही है जिसने बस्तर के बदलते माहौल की कहानी एक ही लाइन में कह दी — “अब हम बच गए…”

Related Articles

Back to top button