छत्तीसगढ़

पिथौरा: शराब की बोतल में चल रहा था बड़ा खेल! दारू में पानी मिलाते रंगे हाथ पकड़े गए कर्मचारी, छापे में खुला चौंकाने वाला राज

ग्राहकों को लगाया जा रहा था चूना, आबकारी टीम ने अंग्रेजी शराब दुकान में देखा ऐसा नजारा कि उड़ गए होश

पिथौरा। अगर आप शराब खरीदकर यह सोचते हैं कि बोतल में वही असली माल है जिसके लिए आपने पैसे दिए हैं, तो यह खबर आपको चौंका सकती है। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के पिथौरा में अंग्रेजी शराब दुकान के अंदर ऐसा खेल पकड़ा गया है जिसने शराब प्रेमियों के बीच हड़कंप मचा दिया है। यहां दुकान के कर्मचारी खुलेआम शराब की बोतलों का सील खोलकर उसमें पानी मिला रहे थे और ग्राहकों को बेच रहे थे।

आबकारी विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान इस पूरे खेल का पर्दाफाश किया। बताया जा रहा है कि 25 मई को विभागीय अधिकारी अचानक पिथौरा स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान पहुंचे थे। जैसे ही टीम अंदर पहुंची, वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।

दुकान के भीतर प्लेसमेंट कर्मचारी टेबल पर बैठकर मैकडॉवेल नंबर 1 शराब की पाव बोतलों का सील खोल रहे थे और उसमें पानी मिलाकर दोबारा बिक्री के लिए तैयार कर रहे थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह सब काम बिना किसी डर के खुलेआम चल रहा था।

आबकारी विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार कर्मचारियों को मौके से ही रंगे हाथों पकड़ लिया। टीम ने मिलावट की गई शराब की बोतलें भी जब्त कर ली हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 38(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें शराब में पानी मिलाने का अपराध शामिल है।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। लोग अब यह सोचकर परेशान हैं कि कहीं वे भी लंबे समय से मिलावटी शराब तो नहीं पी रहे थे। वहीं आबकारी विभाग अब यह पता लगाने में जुट गया है कि यह खेल कब से चल रहा था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

फिलहाल चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button