छत्तीसगढ़

VIP शादी छोड़ विधायक लेंगे सामूहिक फेरे! मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में शामिल होकर रचेंगे इतिहास

बेमेतरा के युवा विधायक दीपेश साहू का बड़ा फैसला, 24 जोड़ों के साथ एक ही मंडप में करेंगे शादी

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ की राजनीति में पहली बार एक ऐसा दृश्य देखने को मिलने जा रहा है जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। जहां नेता अक्सर शाही और वीआईपी शादियों के लिए चर्चा में रहते हैं, वहीं बेमेतरा के युवा विधायक दीपेश साहू ने ऐसा फैसला लिया है जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। विधायक अब मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में खुद भी सात फेरे लेने जा रहे हैं।

इस अनोखी पहल ने प्रदेश की राजनीति और सामाजिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। बताया जा रहा है कि यह छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार होगा जब कोई मौजूदा विधायक सरकारी योजना के तहत आम लोगों के साथ सामूहिक विवाह में शामिल होकर शादी करेगा।

31 मई को बेमेतरा नगर के ऐतिहासिक बेसिक स्कूल मैदान में विशाल सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में विधायक दीपेश साहू समेत कुल 24 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह बंधन में बंधेंगे। खास बात यह है कि विधायक ने किसी भव्य होटल, रिसॉर्ट या VIP आयोजन की बजाय आम लोगों के बीच रहकर सादगी से शादी करने का फैसला लिया है।

बताया जा रहा है कि विधायक का यह कदम फिजूलखर्ची रोकने, सरल विवाह को बढ़ावा देने और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है। इस फैसले को लेकर लोगों के बीच सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों का मानना है कि विधायक की यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का संकोच दूर करेगी। कई परिवार जो समाज के डर या झिझक की वजह से सामूहिक विवाह योजना से दूर रहते थे, अब प्रेरित हो सकते हैं।

विधायक दीपेश साहू ने भी अपने फैसले को लेकर कहा कि कोई भी सरकारी योजना तभी सफल मानी जाती है जब जनप्रतिनिधि खुद उसका हिस्सा बनकर लोगों के सामने उदाहरण पेश करें। उनका कहना है कि समाज में सादगीपूर्ण विवाह और सरकारी योजनाओं के प्रति विश्वास बढ़ाना समय की जरूरत है।

अब इस सामूहिक विवाह समारोह पर पूरे प्रदेश की नजर टिकी हुई है, क्योंकि यह सिर्फ एक शादी नहीं बल्कि राजनीति और समाज में बदलती सोच की नई तस्वीर मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button