क्रेटा के दरवाजों में छिपा था करोड़ों का नहीं, लेकिन बड़ा राज… पुलिस ने खोला तो उड़ गए होश
ओडिशा से आ रही कार में बनाया गया था सीक्रेट चेंबर, 14.5 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

दुर्ग। कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ऐसी क्रेटा कार को पकड़ा, जिसके दरवाजों के भीतर छिपा राज देखकर अधिकारी भी चौंक गए। बाहर से सामान्य दिखने वाली कार के चारों दरवाजों में गुप्त चेंबर बनाकर गांजा तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने 14.5 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की खेप लेकर कुछ तस्कर महासमुंद और रायपुर होते हुए दुर्ग-भिलाई क्षेत्र पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही थाना कुम्हारी और एसीसीयू-क्राइम टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर वाहन जांच अभियान शुरू किया।
वाहन चेकिंग के दौरान रायपुर की ओर से आ रही क्रेटा कार (CG 04 HX 6908) को रोककर तलाशी ली गई। प्रारंभिक जांच में कार से संदिग्ध गंध आने पर पुलिस का शक गहरा गया। इसके बाद वाहन की गहन जांच शुरू की गई।
जांच में जो खुलासा हुआ, उसने पूरी तस्करी की साजिश को बेनकाब कर दिया। तस्करों ने कार के चारों दरवाजों के अंदर की खाली जगह को विशेष रूप से सीक्रेट चेंबर में बदल दिया था। इन चेंबरों में गांजा भरकर ऊपर से फाइबर शीट चिपका दी गई थी, ताकि सामान्य जांच के दौरान किसी को इसकी भनक तक न लगे।
पुलिस ने दरवाजों को खोलकर जब अंदर की जांच की तो एक-एक कर गांजे के पैकेट निकलने लगे। कुल 14.5 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7.25 लाख रुपए बताई जा रही है।
मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी, किसे पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि दरवाजों के भीतर बनाए गए इस हाईटेक सीक्रेट चेंबर का इस्तेमाल लंबे समय से तस्करी के लिए किया जा रहा हो सकता है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


