छत्तीसगढ़

घर से निकला था खेलते-खेलते… सुबह 50 फीट गहरे पानी से मिली लाश, हाथ में थी कोल्ड ड्रिंक की बोतल

दुर्ग के पथरिया खदान में दर्दनाक हादसा, रातभर तलाश के बाद एसडीआरएफ ने बरामद किया 13 वर्षीय किशोर का शव

 

दुर्ग। दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। पथरिया खदान में डूबने से 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम ने करीब 50 फीट गहरे पानी से उसका शव बरामद किया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि किशोर के हाथ में कोल्ड ड्रिंक की एक बोतल मिली, जिससे हादसे को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

मृतक की पहचान ग्राम पथरिया निवासी आयुष मार्कंडेय (13) पिता नंदकुमार मार्कंडेय के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आयुष गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार और ग्रामीणों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस और एसडीआरएफ को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन खदान की गहराई और अंधेरे के कारण रात में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करना संभव नहीं था। ऐसे में शुक्रवार सुबह खोज अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर सुबह 5:30 बजे एसडीआरएफ की 10 सदस्यीय टीम पथरिया खदान पहुंची। डिप डाइविंग विशेषज्ञ राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जघेल ने गहरे पानी में उतरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने लगभग 50 फीट गहराई से आयुष का शव बरामद कर लिया।

प्रारंभिक आशंका है कि किशोर खदान के किनारे पहुंचा था और संभवतः कोल्ड ड्रिंक की बोतल उठाने या किसी अन्य कारण से संतुलन बिगड़ने पर गहरे पानी में गिर गया। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन ने लोगों से परित्यक्त और गहरी खदानों के आसपास बच्चों को अकेले नहीं जाने देने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button