छत्तीसगढ़

सक्ती: रात के सन्नाटे में मां की चीखें सुनाई देती रहीं, सुबह खुला ऐसा राज कि कांप उठा पूरा गांव

घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, बेटे पर मां को पीट-पीटकर मौत के घाट उतारने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

 

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिस बेटे को मां ने जन्म दिया और पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी पर अपनी मां की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।

मामला डभरा थाना क्षेत्र के भेड़िकोना गांव का है। मृतका की पहचान तिहारिन बाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात मां और बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पड़ोसियों के अनुसार घर से काफी देर तक विवाद और चीख-पुकार की आवाजें आती रहीं, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह झगड़ा इतना भयावह अंजाम ले लेगा।

आरोप है कि विवाद के दौरान बेटे ने अपनी मां की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट इतनी गंभीर थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सुबह जब घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिली तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी वजह सामने आ सके।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।

Related Articles

Back to top button