जंगल के बीच डिप्टी CM की जनचौपाल, ग्रामीणों ने सुनाईं परेशानियां… मौके पर हुए बड़े ऐलान, अधिकारियों में मची हलचल
अचानकमार के सुदूर वनांचल गांवों में पहुंचे उप मुख्यमंत्री अरुण साव, 20 लाख से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा, बिजली-पानी और सड़क जैसी समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

रायपुर, 28 जून 2026। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड स्थित अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) क्षेत्र के सुदूर वनांचल गांवों—जमुनाही, जकड़बांधा, सुरही, बम्हनी, कटामी और अचानकमार में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने 20 लाख रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों की भी घोषणा की।
ग्राम जमुनाही में आयोजित जनचौपाल को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता प्रदान कर रही है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लंबे समय से प्रतीक्षित शिवतराई-केवची सड़क को स्वीकृति मिल चुकी है और बारिश समाप्त होते ही इसका निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके अलावा बिजराकछार-औरापानी सड़क को भी मंजूरी मिल गई है।
ग्रामीणों ने बिजली और पेयजल की समस्याएं उठाईं, जिस पर उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जमुनाही में सड़क मरम्मत, पांच लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण, देवभूमि में हैंडपंप स्थापना तथा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए टैंकर की व्यवस्था करने की घोषणा की।
श्री साव ने कहा कि महतारी वंदन योजना, पेंशन और राशन सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश देते हुए मंच निर्माण के लिए दो लाख रुपये तथा गणेश चौक में गणेश पंडाल के लिए शेड निर्माण हेतु तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कोटरा-पथरा-मनियारी मार्ग पर पुल निर्माण का सर्वे पूरा हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। जनचौपाल के दौरान उन्होंने स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों को खेल सामग्री भी वितरित की।
ग्राम सुरही में उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वनांचल क्षेत्रों में बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने यहां पांच लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की।
ग्राम बम्हनी में आयोजित जनचौपाल में उन्होंने बताया कि गांव के 111 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और 206 महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वनांचल क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और सभी आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने निवासखार में पुलिया निर्माण के लिए भी शीघ्र प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
उप मुख्यमंत्री ने ग्राम कटामी और छपरवा में हैंडपंप तथा पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम बिंदावल में पांच लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा करते हुए अधिकारियों को पानी और बिजली की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनचौपाल कार्यक्रम में मुंगेली कलेक्टर श्री कुंदन कुमार, वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

