छत्तीसगढ़

CM साय को भेजा इस्तीफा! BJP के 5 पार्षदों के कदम से मचा सियासी भूचाल, सामने आई बड़ी वजह

सोशल मीडिया पर वायरल पत्र से बढ़ी हलचल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष समेत पांच पार्षदों ने अधिकारियों पर जनप्रतिनिधियों की अनदेखी का लगाया आरोप।

 

रायपुर। रायपुर जिले के आरंग से लगे नगर पंचायत समोदा में भाजपा के पांच पार्षदों के कथित सामूहिक इस्तीफे से जुड़ा एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। वायरल पत्र मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम संबोधित बताया जा रहा है, जिसमें नगर पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों पर जनप्रतिनिधियों की लगातार अनदेखी करने के आरोप लगाए गए हैं।

वायरल पत्र में नगर पंचायत उपाध्यक्ष सहित पांच भाजपा पार्षदों के नाम और हस्ताक्षर दिखाई दे रहे हैं। पत्र में कहा गया है कि जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा, जिसके कारण वार्डों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

पार्षदों ने आरोप लगाया है कि नाली निर्माण, पानी निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई कार्य लंबे समय से लंबित हैं। कई बार मांग उठाने और अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जनता की समस्याओं का निराकरण नहीं होने से वे अपने जनप्रतिनिधि होने की जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं। इसी कारण उन्होंने पद छोड़ने जैसा निर्णय लेने की बात कही है।

फिलहाल, इस वायरल पत्र की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही संबंधित पार्षदों या प्रशासन की ओर से इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक बयान जारी किया गया है। हालांकि पत्र के वायरल होने के बाद स्थानीय राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button