
सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसे सड़क किनारे अधमरी हालत में फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
सड़क किनारे घायल मिला युवक
यह मामला प्रतापपुर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान हरिनंदन राजवाड़े के रूप में हुई है, जो गोंदा गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को अज्ञात लोगों ने किसी बात को लेकर उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर उसे केवरा गांव के पास सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपियों की तलाश में पुलिस
मामले में पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अज्ञात आरोपियों की पहचान करने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल, इस निर्मम हत्या की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
