आधी रात हाईवे पर गूंजी जोरदार टक्कर… बस बनी चीखों का मंजर, 16 यात्री घायल; 3 की हालत गंभीर
Baloda Bazar Road Accident: नेशनल हाईवे-130B पर बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 16 यात्री घायल

बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-130B पर रायपुर से बलौदाबाजार आ रही एक यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, तुरंत शुरू हुआ रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस, डायल-112 और पेट्रोलिंग टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे महिला, बच्चों और अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
16 यात्री घायल, 3 की हालत गंभीर
इस भीषण हादसे में 16 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 3 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
फिर सवालों के घेरे में हाईवे की सुरक्षा
यह हादसा एक बार फिर रायपुर-बलौदाबाजार-सारंगढ़ मार्ग की यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। यह हाईवे भारी वाहनों, यात्री बसों और निजी वाहनों के लगातार दबाव के कारण बेहद व्यस्त रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क कई जगह संकरी हो गई है, जिससे आमने-सामने बड़े वाहनों के गुजरने और ओवरटेक करने के दौरान दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
हादसे की जांच शुरू
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और ओवरटेक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
