छत्तीसगढ़

‘मिसाइल मैन’ को देश ने किया याद… डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी का भावुक संदेश

भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को दी श्रद्धांजलि, कहा- उनके विचार और आदर्श हमेशा देश को दिखाते रहेंगे नई राह

रायपुर, 27 जुलाई 2026। भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक, ‘मिसाइल मैन’ और भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन ज्ञान, विज्ञान, राष्ट्रसेवा और सादगी का अद्भुत संगम था, जो आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने अपने वैज्ञानिक योगदान, दूरदर्शी नेतृत्व और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के बल पर भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने देश के युवाओं में बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का आत्मविश्वास जगाया।

उन्होंने डॉ. कलाम के प्रेरक विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि “जीवन में सफलता का आनंद तभी आता है, जब वह सफलता कठिनाई से प्राप्त की जाती है।” यह संदेश आज भी प्रत्येक युवा को कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

वित्त मंत्री ने कहा कि डॉ. कलाम के आदर्श, उनके विचार और राष्ट्रनिर्माण के प्रति उनका समर्पण सदैव देशवासियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनका प्रेरणादायी जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक उज्ज्वल उदाहरण बना रहेगा।

डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को श्रद्धांजलि देते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि राष्ट्र उनके अमूल्य योगदान को सदैव स्मरण रखेगा और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही भारत विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

Related Articles

Back to top button