सिर्फ 15 दिन में बदल गई जिंदगी! मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर एक शिकायत और दिव्यांग हितग्राही को मिली बड़ी राहत
80% दिव्यांग नोहर दास बघेल को मिली मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, अब आत्मनिर्भरता की राह हुई आसान

रायपुर, 27 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एक बार फिर आम नागरिकों के लिए उम्मीद की किरण साबित हुई है। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 80 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग नोहर दास बघेल को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के महज 15 दिनों के भीतर मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई। इस पहल ने उनके जीवन को नई दिशा देने के साथ आत्मनिर्भर बनने की राह भी आसान कर दी है।
समाज कल्याण विभाग की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के चलते पलारी विकासखंड के ग्राम बलौदी निवासी नोहर दास बघेल को वह सुविधा मिली, जिसका उन्हें लंबे समय से इंतजार था। सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल की मांग को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत मिलते ही समाज कल्याण विभाग ने निर्धारित प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया और केवल 15 दिनों के भीतर उन्हें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी। विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से दिव्यांग हितग्राही को बड़ी राहत मिली।
नोहर दास बघेल ने बताया कि पहले उन्हें रोजमर्रा के काम करने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिलने के बाद अब उनकी आवाजाही आसान हो गई है। इससे वे अपने दैनिक कार्य स्वतंत्र रूप से कर पा रहे हैं और रोजगार एवं आजीविका के अवसरों तक भी आसानी से पहुंच सकेंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री, समाज कल्याण विभाग और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उनके लिए केवल एक वाहन नहीं, बल्कि सम्मानजनक, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर जीवन की नई शुरुआत है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से समयबद्ध समाधान की यह पहल दिखाती है कि डिजिटल शिकायत निवारण व्यवस्था जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी और प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।



