छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में खेल क्रांति की बड़ी तैयारी! पहली बार जुटे देश के दिग्गज, डिप्टी CM अरुण साव बोले- यहीं से निकलेगा चैंपियनों का नया रोडमैप

रायपुर में पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में खेल विशेषज्ञों, ओलंपियन और प्रशासकों का मंथन, नई खेल नीति और विश्वस्तरीय खिलाड़ियों की तैयारी पर फोकस

रायपुर: छत्तीसगढ़ में खेलों को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राजधानी रायपुर में पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कॉन्क्लेव का शुभारंभ करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का मजबूत आधार बनेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

देशभर के खेल विशेषज्ञ एक मंच पर

राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासक, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, ओलंपियन, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल संघों के पदाधिकारी शामिल हुए। दिनभर चले विभिन्न सत्रों में खेल प्रतिभाओं की पहचान, आधुनिक प्रशिक्षण, खेल अधोसंरचना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

‘खेल से मजबूत होगा छत्तीसगढ़ का भविष्य’

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि खेलों के विकास से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा और उनका सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने कहा कि मजबूत खिलाड़ी ही भविष्य में राज्य की सबसे बड़ी ताकत बनेंगे।

उन्होंने अधिकारियों से मौजूदा खेल सुविधाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने और खिलाड़ियों के लिए उन्हें अधिक सुलभ बनाने पर विशेष जोर दिया।

नई खेल नीति में शामिल होंगे कॉन्क्लेव के सुझाव

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने बताया कि कॉन्क्लेव में विशेषज्ञों द्वारा दिए गए सुझावों को राज्य की नई खेल नीति में शामिल किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में प्रदेश में 150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से खेल अधोसंरचना परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

जिलों में मजबूत होंगे खेल संघ

अरुण साव ने सभी जिलों में खेल संघों के गठन, उनकी पारदर्शी कार्यप्रणाली, नियमित प्रतियोगिताओं और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कॉन्क्लेव से निकले निष्कर्षों को जमीन पर लागू किया जाएगा ताकि राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया जा सके।

खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा फायदा

कॉन्क्लेव के पहले सत्र में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजन खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन मंच साबित हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पहली बार आयोजित यह स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव राज्य के खिलाड़ियों के भविष्य के लिए नई दिशा तय करेगा।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, ओलंपियन जिन्शन जॉनसन, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, विभिन्न जिलों के खेल अधिकारी, प्रशिक्षक, पदक विजेता खिलाड़ी और खेल संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button