भिलाई: दुकान सील करने पहुंची निगम टीम तो जमकर हुआ हंगामा:महिलाएं फेंकने लगीं मेडिकल रिपोर्ट, विरोध को देख हाथ जोड़ती नजर आई पुलिस
भिलाई शहर के पॉश इलाके सूर्यमॉल के पास स्थित दुकान को सील करने पहुंची निगम की टीम से कुछ महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। ऐसा कहा जा रहा है कि दुकान संचालक और उनके घर की महिलाओं तहसीलदार तक से हुज्जतबाजी की। इसके बाद स्मृति नगर पुलिस उन्हें समझाने पहुंची, तो महिलाएं पुलिस से भी भिड़ गईं। यह देखकर पुलिस वाले महिलाओं के सामने हाथ जोड़ते नजर आए।
जानकारी के मुताबिक भिलाई नगर निगम के जोन एक अंतर्गत सूर्या मॉल चौक के पास पर परियापारा विनोबा नगर में एक दुकान बिना गुमास्ता लाइसेंस के संचालित हो रही थी। मास कार श्रृंगार दुकान के संचालक को निगम ने नोटिस जारी किया था, लेकिन उसके बाद भी वो धड़ल्ले से दुकान संचालित कर रहा था। निगम द्वारा गुमास्ता तथा अनुज्ञप्ति लाइसेंस निरस्त करने के बाद भी दुकान संचालित करने की शिकायत जैसे ही निगम को मिली, उसने दुकान को सील करने का निर्णय लिया। भिलाई निगम की टीम कार्यपालिक मजिस्ट्रेट किशोर वर्मा और पुलिस बल के साथ दुकान को सील करने पहुंची थी।
दुकान को सील करने की कार्रवाई देख दुकान मालिक विजय पासवान बड़क गया। उसने तहसीलदार और पुलिस कर्मियों से झगड़ा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने जैसे ही दबाव बनाया उनके घर की महिलाएं बाहर आ गई और हंगामा करने लगी। यह हंगामा दो से तीन घंटे तक चलता रहा।
हाथ जोड़ती नजर आई स्मृति नगर पुलिस
स्मृति नगर पुलिस के साथ महिला बल भी मौजूद था, लेकिन दुकान संचालक की तरफ कई महिलाएं विरोध पर उतरी थीं। इतना ही नहीं दो तीन महिलाएं जमीन पर बैठ गईं तो वहीं एक लड़की उनकी मेडिकल रिपोर्ट फेंकने लगी। वह पुलिस वालों से इतना झगड़ा करने लगी की स्मृति नगर पुलिस उसके आगे हाथ जोड़ती नजर आई। जिला प्रशासन और दुकान संचालक का जगड़ा देख सूर्या मॉल चौक में काफी भीड़ लग गई थी।
नहीं रुकी कार्रवाई, सील की गई दुकान
महिलाओं के विरोध के बाद निगम की टीम पीछे नहीं हटी। और पुलिस बल मंगाकर दुकान संचालक को गिरफ्तार कर स्मृति नगर चौकी ले जाया गया। इसके बाद महिलाएं शांत हुई। इसके बाद तहसीलदार की मौजूदगी में निगम के अधिकारियों ने दुकान को सील किया।