छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Rain Alert: लगातार बारिश से उफान पर नदियां, वर्षों बाद बाबा कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक पहुंचा पानी

महानदी और पैरी नदी उफान पर, राजिम धाम में वर्षों बाद मंदिर तक पहुंचा पानी; NH-130C बंद, महादेव घाट पुल तक पहुंचा नदी का जलस्तर

रायपुर: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। प्रदेश की प्रमुख नदियां उफान पर हैं और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सबसे चौंकाने वाली तस्वीर राजिम धाम से सामने आई है, जहां महानदी का जलस्तर बढ़ने से त्रिवेणी संगम स्थित प्रसिद्ध बाबा कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में वर्षों बाद पानी प्रवेश कर गया। इस दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग पहुंच रहे हैं।

60 घंटे की लगातार बारिश से बिगड़े हालात

गरियाबंद जिले में पिछले 60 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सिकासेर जलाशय से 60 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिससे राजिम स्थित बाबा कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक पानी पहुंच गया।

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

NH-130C पर थमे वाहनों के पहिये

लगातार बारिश के कारण पैरी नदी भी उफान पर है। इसके चलते नेशनल हाईवे-130C पर पिछले 24 घंटे से यातायात प्रभावित है। पंटोरा के पास सड़क पर जलभराव होने से रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर बसों और अन्य वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।

प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।

दंतेवाड़ा में पुल के ऊपर बह रहा पानी

लगातार बारिश का असर दंतेवाड़ा जिले में भी देखने को मिल रहा है। भैरमगढ़ के पातरपारा में पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। प्रशासन ने लोगों से जोखिम न लेने और जलमग्न पुलों को पार करने की कोशिश न करने की सलाह दी है।

रायपुर में महादेव घाट पुल तक पहुंचा खारुन नदी का पानी

राजधानी रायपुर में भी हालात सामान्य नहीं हैं। लगातार बारिश से खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है और महादेव घाट पर बने पुल तक पानी पहुंच गया है। नदी का तेज बहाव देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

अगले तीन दिन भी भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में नदियों का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button