छत्तीसगढ़

रायपुर: खेत में काम करते वक्त मौत…! किसान परिवार को मिली सरकार से बड़ी राहत

मधुमक्खियों के हमले में किसान की मौत, प्रोजेक्ट ‘राहत’ के तहत प्रशासन ने 4 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की।

रायपुर। मेहनतकश किसान की ज़िंदगी कब और कैसे हादसों की भेंट चढ़ जाए, यह कोई नहीं जानता। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला रायपुर जिले से सामने आया, जहां खेत में काम करते समय मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया और किसान की मौत हो गई। हालांकि, अब उसके परिवार को सरकार की ओर से आर्थिक मदद मिली है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट राहत के तहत मृतक किसान शंकरलाल निषाद के परिवार को आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के अनुसार 4 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

प्रतिवेदन के अनुसार, 7 अप्रैल 2025 को ग्राम राटाकाट, तहसील आरंग में शंकरलाल निषाद खेत में दवाई का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

इस मामले में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और तहसीलदार आरंग द्वारा शासन को प्रतिवेदन भेजा गया था। प्रकरण 16 सितंबर 2025 को प्रस्तुत हुआ और 15 दिनों के भीतर ही प्रशासन ने निराकरण कर सहायता राशि स्वीकृत कर दी।

आज, 30 सितंबर 2025 को अपर कलेक्टर नम्रता जैन (आईएएस) ने मृतक की पत्नी दशमत निषाद को स्वीकृति पत्र प्रदान किया। यह राशि “प्राकृतिक आपदाओं से राहत मद” से दी जाएगी, ताकि परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि यह मदद परिवार की कठिनाइयों को कुछ हद तक कम करेगी और प्रशासन पीड़ितों के साथ खड़ा है।

Related Articles

Back to top button